वाराणसी, 09 जून।
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में एक किराना दुकानदार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। सौरव विहार कॉलोनी के पास अज्ञात हमलावरों ने जितेंद्र सिंह पटेल को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना देर रात की है, जब पीड़ित घर से कुछ दूर पर था। गोली जितेंद्र की पीठ में लगी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस रंजिश के विभिन्न पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मृतक की मां सुदामा देवी ने बताया कि उनके परिवार की चंदौली के बबुरी क्षेत्र में तीन बीघा जमीन को लेकर एक यादव परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। इसके अलावा किसी अन्य से उनके परिवार की कोई दुश्मनी नहीं थी।













