भोपाल, 09 जून।
मध्य प्रदेश में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन के अवयवों की तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब पांच किलोग्राम पैंगोलिन की शल्क (स्केल), एक मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई वन अपराध प्रकरण क्रमांक 237/24 के तहत की गई है। प्राप्त सूचना और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के इनपुट के आधार पर एसटीएसएफ की क्षेत्रीय इकाई जबलपुर ने कटनी जिले के झिन्ना पिपरिया-खमतरा-ढीमरखेड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में डिंडोरी निवासी देवीदीन विश्वकर्मा, उमरिया निवासी कृपाल सिंह मरकाम और मुकेश कुमार विश्वकर्मा तथा जबलपुर निवासी विजय कुमार ग्राय शामिल हैं। सभी को विशेष न्यायालय, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है और एसटीएसएफ उनकी रिमांड लेकर पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने बताया कि पैंगोलिन अनुसूची-1 में शामिल अत्यंत दुर्लभ और संकटग्रस्त प्रजाति है, जिसका अवैध शिकार गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रजाति के अवैध व्यापार पर कानून के तहत तीन से सात वर्ष तक की सजा और न्यूनतम 25 हजार रुपये तक का जुर्माना निर्धारित है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।















