नई दिल्ली, 09 जून।
दिल्ली में चर्चित दोहरी हत्या कांड के मामले में वांछित हाशिम बाबा गैंग के शार्प शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया।
अपराध शाखा के अनुसार शाहदरा क्षेत्र के फर्श बाजार में हुए इस दोहरी हत्या कांड में वांछित आरोपी आमिर उर्फ सलीम उर्फ तिल्लन को शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास पकड़ा गया। आठ जून की रात सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की थी, जिसके बाद आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपी हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है और पहले से ही कई गंभीर मामलों में वांछित रहा है।
जांच के अनुसार 31 अक्टूबर 2024 की दिवाली रात फर्श बाजार में आकाश शर्मा और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर उनकी हत्या कर दी गई थी, जबकि आकाश का बेटा घायल हो गया था। इस पूरी वारदात में गैंगवार और पुरानी रंजिश की भूमिका सामने आई थी। बाद में बदले की कार्रवाई में एक अन्य कारोबारी की भी हत्या हुई, जिसे गलत पहचान का परिणाम बताया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से इस दोहरी हत्या कांड की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है और अब उससे गैंग के अन्य सदस्यों व पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।















