रामबन, 09 जून।
जम्मू-कश्मीर में आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को निर्बाध और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने कमर कस ली है। जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तूटी ने रामबन जिले का दौरा कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
संभागीय आयुक्त ने चंदेरकोट स्थित यात्री निवास का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ठहरने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, बिजली की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा तंत्र की बारीकी से जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 20 जून तक सभी आवश्यक कार्य और सुविधाएं पूरी कर ली जाएं।
बैठक के दौरान शौचालय इकाइयों की पर्याप्त स्थापना, कचरा प्रबंधन प्रणाली और निरंतर बिजली आपूर्ति पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, यात्रियों के लिए पर्याप्त बिस्तर क्षमता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारियों के साथ सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई। तीर्थयात्रा के सफल संचालन के लिए सभी एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय और कड़ी सुरक्षा घेरा बनाने की रणनीति पर बल दिया गया है।















