नई दिल्ली, 09 जून।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल को गरीब कल्याण और देश के चहुंमुखी विकास का स्वर्णिम युग बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
अमित शाह ने बताया कि मोदी ने बिना किसी अवकाश के निरंतर राष्ट्र की सेवा की है। इन 12 वर्षों में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला, वहीं 4 करोड़ से अधिक जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के मकान नसीब हुए हैं।
बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए शाह ने कहा कि देश में 90 से अधिक नए हवाई अड्डे और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ है। इसके साथ ही 1.45 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया गया और 3,000 किलोमीटर से अधिक आधुनिक एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ।
स्वास्थ्य और सुविधा के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव हुए हैं। 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ और 10 करोड़ परिवारों तक एलपीजी कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। शाह ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री की साफ नीयत और राष्ट्रीय हित के प्रति समर्पण को दिया है।
पोस्ट यहाँ देखें- https://x.com/AmitShah/status/2064209385107407016













