कोलकाता, 09 जून।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिधाननगर नगर निगम के पहले मेयर रहे सब्यसाची दत्ता को पुलिस ने एक कारोबारी से एक करोड़ रुपये से अधिक की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मंगलवार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जब उन्हें ले जाया जा रहा था, तब आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी पर अंडे, टमाटर और गोबर फेंके। विरोध प्रदर्शन के दौरान दत्ता अपना चेहरा छिपाते हुए नजर आए।
साल्ट लेक के व्यवसायी मधुसूदन चक्रवर्ती ने बिधाननगर कमिश्नरेट में लिखित शिकायत दी है। इसमें सब्यसाची दत्ता पर लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी और एक करोड़ आठ लाख रुपये वसूलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्ष 2018 में भी एक करोड़ रुपये की उगाही की गई थी। इसी मामले में सोमवार रात राजारहाट के रायगाछी इलाके से पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
अपनी गिरफ्तारी को सब्यसाची दत्ता ने सिरे से नकार दिया है। उन्होंने इन आरोपों को महज राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा करार दिया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ अवैध धन लेने का एक भी ठोस सबूत पेश किया जाए, तो वह सजा भुगतने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्ष 2018 में जब उन्हें गिरफ्तार किया गया था, तब शिकायतकर्ता खुद उनके पास जमानत की गुहार लेकर आया था।
शिकायतकर्ता मधुसूदन चक्रवर्ती का कहना है कि उन्होंने 2018 में पहली बार इस विषय में पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन तब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बार उन्होंने पुनः न्याय की गुहार लगाई है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।














