बहराइच, 09 जून।
बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बघौली टेपरा में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति का आशियाना राख हो गया। दबंगों ने न केवल पीड़ित के घर को आग के हवाले कर दिया, बल्कि खेत में खड़ी फसल को भी बुरी तरह बर्बाद कर दिया।
पीड़ित कमलेश ने गांव के ही सत्येन्द्र, मैकू खान समेत तीन अन्य पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। कमलेश के अनुसार, हमलावरों ने आगजनी की वारदात से पहले उनके खेत में लगी परवल की फसल को नष्ट कर दिया, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि इस आगजनी में उनकी पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
नानपारा कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि कमलेश की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है और घटना की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।














