नई दिल्ली, 09 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी सांसदों और विधायकों को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सांसदों की बैठक लेकर अभियान की रूपरेखा तय की और कई जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इस अभियान के तहत सांसद और केंद्रीय मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएंगे।
सांसदों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में पूरी हो चुकी और चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं तथा सरकार की योजनाओं के बारे में घर-घर संपर्क कर जागरूकता फैलाएं। सभी सांसदों को सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट भी भेजी गई है, जिसमें योजनाओं और कार्यों का विस्तृत विवरण शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक सांसद को प्रतिदिन कम से कम 25 लोगों से जनसंपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसे अगले सात दिनों में पूरा करना होगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
इसके साथ ही बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनने के अवसर पर सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को सेवा कार्यों में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस दिन जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों के मंदिरों और धार्मिक स्थलों में जाकर प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना और पूजा करेंगे।















