रामपुर, 09 जून।
शिमला जिले के नोगली बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे सब्जी बेचना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। यातायात में बाधा उत्पन्न करने और सड़क पर अतिक्रमण करने के आरोप में पुलिस ने एक सब्जी विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई रामपुर थाना पुलिस द्वारा गश्त के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, 8 जून की शाम जब टीम नोगली बाजार में तैनात थी, तब उन्होंने देखा कि सुरेश कुमार नामक व्यक्ति सड़क के एक हिस्से पर कब्जा जमाकर सब्जियां बेच रहा था। इससे वहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो रही थी और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर अवैध कब्जा होने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है और आमजन की सुरक्षा प्रभावित होती है। सुरक्षा नियमों को ताक पर रखने और सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध करने के चलते संबंधित विक्रेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
अधिकारी अब मामले की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।













