प्रशासनिक खबरें
09 Jun, 2026

पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 साल पूरे, प्रदेश में गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आज विशेष शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच और उपचार किया जा रहा है

भोपाल, 09 जून।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के सफलतम 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज मंगलवार को पूरे मध्य प्रदेश में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। राज्य के सभी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अपर मिशन संचालक दिशा प्रणय नागवंशी ने बताया कि इन विशेष शिविरों में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर जांच पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही नवीन पंजीकरण, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान, उनके उपचार और नियमित फॉलोअप की व्यवस्था की गई है। शिविर में बीएमआई, रक्तचाप, वजन और प्रसूति इतिहास की गहन जांच की जा रही है।

अभियान के तहत हीमोग्लोबिन, शुगर, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, सिकल सेल स्क्रीनिंग, मलेरिया, ब्लड ग्रुपिंग और यूरिन एल्बुमिन जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यकतानुसार सोनोग्राफी की सुविधा के साथ आयरन-फोलिक एसिड व कैल्शियम जैसी आवश्यक दवाएं भी दी जा रही हैं। जरूरतमंद महिलाओं के लिए 108 एम्बुलेंस की निःशुल्क परिवहन सेवा और आशा कार्यकर्ताओं व एएनएम की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश की सभी गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से इन शिविरों में पहुंचकर सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और हाई रिस्क प्रेगनेंसी की सही पहचान से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में बड़ी सफलता मिल सकती है। इसे एक जन-आंदोलन का रूप देकर हर गर्भवती महिला तक सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उल्लेखनीय है कि पीएमएसएमए के अंतर्गत मध्य प्रदेश ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पंजीकृत 14.31 लाख गर्भवती महिलाओं में से लगभग 72 प्रतिशत यानी 10.25 लाख महिलाओं की एएनसी जांच पूरी की गई। इनमें से चिन्हित 2.94 लाख उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों में से 88 प्रतिशत को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत समय पर उपचार व प्रबंधन सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़