बहराइच, 09 जून।
सुजौली क्षेत्र के टपरा बाजार स्थित सौतिया नाला के पास सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भीषण गर्मी के कारण घर के बाहर चारपाई पर सो रही एक किशोरी पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में किशोरी आंशिका की मौत हो गई।
घटना रात करीब 11 बजे की है। आंशिका अपने पिता ओम प्रकाश और अन्य परिजनों के साथ बाहर सो रही थी। तभी जंगल की तरफ से आए तेंदुए ने उसे अपना शिकार बनाया। किशोरी की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण जाग गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर तेंदुआ उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल किशोरी ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही सुजौली रेंज के वन दारोगा अनिल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और शोक संतप्त परिजनों से पूरी जानकारी ली। रेंजर रोहित कुमार ने पीड़ित परिवार को फौरन पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है और शासन से मिलने वाली अन्य सहायता के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन विभाग ने इलाके में अपनी गश्त बढ़ा दी है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी हो रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने, बच्चों को घर के भीतर रखने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर विभाग को तुरंत सूचित करने की अपील की है।














