टॉप न्यूज़
09 Jun, 2026

सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी को 12 साल के कार्यकाल पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए प्रदेश में 5 से 21 जून तक जनकल्याण गतिविधियों, शिविरों और विकास कार्यक्रमों की घोषणा की है।

भोपाल, 09 जून।

मंत्रालय में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 12 वर्षों के निरंतर कार्यकाल की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि इस अवसर पर प्रदेश में 5 से 21 जून तक जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड और नगरीय निकाय में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों का पंजीकरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 19 और 20 जून को प्रत्येक जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानांतरण की निर्धारित समय-सीमा 15 जून तक ही रहेगी और इसमें किसी प्रकार का विस्तार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी विभागों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर रूफटॉप को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि अगले छह महीनों में छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर में आयोजित भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश फोरम के बाद प्रदेश का निर्यात बढ़कर 3,835 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जिसमें फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने उर्वरक आपूर्ति पर नजर रखने के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए और कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने आगामी नीति आयोग बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए मिशन GYAN के तहत गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के समग्र विकास पर विशेष फोकस किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़