भोपाल, 09 जून।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य का लैटिन अमेरिका और कैरेबियन देशों को निर्यात बढ़कर 3 हजार 835 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। इसमें विशेष रूप से फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र की अहम भूमिका रही है।
मंत्रालय में कैबिनेट बैठक से पहले मंत्री परिषद को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 जून 2026 को इंदौर में आयोजित भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश फोरम में कई देशों के प्रतिनिधियों को मध्य प्रदेश में निवेश, उत्पादन और नवाचार के लिए आमंत्रित किया गया। इस कार्यक्रम में 15 देशों के व्यापार प्रतिनिधियों के साथ कई राजनयिकों की भी उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के निरंतर कार्यकाल को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मंत्रि-परिषद की ओर से उन्हें बधाई दी। साथ ही 5 से 21 जून तक प्रदेश में जनकल्याण से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के लगभग एक लाख संविदा कर्मचारियों को 4.5 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाएगा। इस पर मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को बधाई भी दी। इसके साथ ही कई मंत्रियों को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम और जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में स्थानांतरण की समय-सीमा 15 जून तक ही रहेगी और इसमें कोई विस्तार नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को तय समय में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उर्वरक आपूर्ति को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी और संपर्क नंबर जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण उर्वरक आपूर्ति पर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए निगरानी आवश्यक है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अब तक दो लाख से अधिक उपभोक्ता जुड़े हैं और अगले छह महीनों में छह लाख नए नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को अपने जिलों में योजना के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 11 जून को नई दिल्ली में नीति आयोग की बैठक “इन्क्लूसिव ह्यूमन डेवलपमेंट फॉर विकसित भारत @ 2047” विषय पर होगी, जिसमें मध्य प्रदेश की भागीदारी रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष युवाओं पर केंद्रित “युवा वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा।














