कानपुर, 09 जून।
अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत कानपुर नगर पुलिस ने 48 घंटे में बड़ी कार्रवाई करते हुए 239 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान न्यायालयों से जारी 389 गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) की तामील भी सुनिश्चित की गई। इसके अलावा विभिन्न मामलों में वांछित सात अभियुक्तों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जून माह में शुरू किए गए दो दिवसीय अभियान के तहत कमिश्नरेट के सभी जोन और थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने हत्या, लूट, डकैती, चोरी, छिनैती, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपितों और वारंटियों की तलाश के लिए सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए 239 वारंटियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वहीं 14 वारंटी स्वयं अदालत में उपस्थित हुए। सत्यापन प्रक्रिया में 41 वारंटियों की मृत्यु की पुष्टि हुई, जबकि 30 मामलों में संबंधित न्यायालयों द्वारा वारंट निरस्त पाए गए।
पुलिस ने बताया कि 65 वारंटों में नियमानुसार अदम तामील रिपोर्ट भेजी गई है। अधिकारियों के मुताबिक पिछले तीन महीनों में ऐसे अभियानों के माध्यम से कुल 619 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित सात आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इसी तरह की कार्रवाई की जाती रहेगी।















