देवरिया, 09 जून।
शहर की बुद्ध विहार कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया है। मकान मालिक की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
भुजौली निवासी ज्ञान प्रकाश गोड़ रविवार को किसी काम से गांव गए थे। सोमवार को जब वे वापस लौटे, तो उन्हें मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें कुछ संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं। इन फुटेज के आधार पर ही पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी है।
थानेदार राकेश कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्धों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है और उम्मीद है कि इस वारदात का जल्द ही खुलासा हो जाएगा।













