जयपुर, 09 जून।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी धर्म सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी पर सीमांकन और नामांतरण कार्य के बदले 4,500 रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार परिवादी की जमीन ग्राम तलवाना स्थित खाता संख्या 287 और खसरा संख्या 328 की शामलाती भूमि है। अक्टूबर 2025 में नामांतरण प्रक्रिया पूरी कराने के दौरान भी पटवारी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसे उस समय नहीं दिया गया।
बाद में 22 मई 2026 को सीमांकन के लिए आवेदन करने पर पटवारी ने पहले 10 हजार रुपये और फिर नामांतरण के बकाया 5 हजार रुपये की मांग की। गोपनीय सत्यापन में यह सामने आया कि आरोपी ने सौदा तय करते हुए राशि घटाकर 4,500 रुपये करने पर सहमति दी।
इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी पटवारी को परिवादी से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। मौके से पूरी रिश्वत राशि भी बरामद कर ली गई।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।















