अररिया, 09 जून।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी ने फुलकाहा बाह्य सीमा चौकी के अंतर्गत पथरदेवा क्षेत्र के ग्वारपुछरी गांव में कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य के तस्करी के सामान के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी भारत से मालवाहक ऑटो में सामान लादकर नेपाल की ओर ले जा रहा था, तभी रात्रि गश्ती के दौरान एसएसबी टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 185 के पास उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 39 वर्षीय सुधीर कुमार मेहता, निवासी सोनापुर पथरदेवा (बथनाहा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।
एसएसबी द्वारा जब्त किए गए सामान में बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं, जिनमें 537.5 लीटर कोल्ड ड्रिंक, 519 लीटर वेजिटेबल ऑयल, 85 लीटर सोयाबीन तेल, 30 बोरा खैनी, 2 बोरा गुटखा, 1800 किलो चीनी, 13 बंडल कपड़ा, ब्लाउज का कपड़ा, अंडरवियर, बनियान सहित अन्य सामान शामिल हैं।
एसएसबी ने बताया कि यह कार्रवाई सीमा पार अवैध तस्करी को रोकने के लिए नियमित गश्त के दौरान की गई है और आगे की जांच जारी है।















