मध्य प्रदेश
09 Jun, 2026

कलेक्टर ने बेटी का जन्मदिन वृद्धाश्रम में मनाया, बुजुर्गों की पेंशन समस्याओं का मौके पर किया समाधान

दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अपनी पुत्री का जन्मदिन वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ मनाया और पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही निर्देश जारी किए।

दमोह, 09 जून।

मध्य प्रदेश के दमोह स्थित वृद्धाश्रम में मंगलवार सुबह एक अत्यंत भावुक और आत्मीय नजारा देखने को मिला। दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अपनी पुत्री आस्था यादव का जन्मदिन वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के बीच मनाने का निर्णय लिया। इस अनूठे जन्मदिन समारोह में कोई दिखावा नहीं, बल्कि परिवार जैसा प्रेम और सम्मान झलक रहा था। कलेक्टर और उनकी पुत्री ने सभी बुजुर्गों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और उनके साथ समय बिताकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान कई मार्मिक क्षण भी आए, जब बुजुर्ग महिलाओं ने कलेक्टर और उनकी पुत्री को अपने बच्चों जैसा स्नेह दिया। जन्मदिन की खुशियों में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ और बुजुर्गों ने नृत्य कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। कलेक्टर ने बताया कि पूर्व में वृद्धाश्रम के दौरों के दौरान उन्होंने बुजुर्गों के अकेलेपन को महसूस किया था, जिसने उन्हें इस विशेष आयोजन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का सम्मान हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

संवाद के दौरान, कलेक्टर ने वृद्धजनों की पेंशन और बैंकिंग संबंधी समस्याओं का संज्ञान लिया। जिन बुजुर्गों की पेंशन तकनीकी कारणों से या ई-केवाईसी के चलते प्रभावित थी, उन प्रकरणों का मौके पर परीक्षण करवाकर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को पाबंद किया कि वे हर माह की 1 और 15 तारीख को वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें बैंक शाखाओं के चक्कर न काटने पड़ें।

आस्था यादव ने वृद्धजनों के बीच अपने जन्मदिन को जीवन का सबसे यादगार अनुभव बताया। उन्होंने युवाओं से संदेश साझा करते हुए कहा कि अपने माता-पिता और बुजुर्गों का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में वृद्धजनों ने कलेक्टर और उनकी पुत्री को स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा आश्रम परिसर आत्मीयता से भर उठा।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़