काओशियुंग, 19 मई ।
ताइवान के काओशियुंग शहर में एक राजनीतिक बिलबोर्ड को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें स्थानीय चुनाव उम्मीदवार ली हंग-यी द्वारा भारतीयों के खिलाफ प्रचार सामग्री के रूप में आपत्तिजनक और नस्लभेदी बताए जा रहे चित्रों का उपयोग किया गया है।
यह बिलबोर्ड सियाओगांग जिले की शानमिंग रोड पर लगाया गया था, जिसमें एक सांवले रंग के व्यक्ति की छवि के साथ पगड़ी और दाढ़ी दर्शाई गई है तथा उस पर क्रॉस का निशान और उल्टा भारतीय ध्वज भी दिखाया गया है।
इस प्रचार सामग्री को लेकर ताइवान में भारतीय समुदाय के लोगों में असहजता और नाराजगी देखी गई है, जबकि स्थानीय निवासियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की सामग्री से असुविधा और अस्वीकार की भावना उत्पन्न हो रही है।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब ताइवान में श्रमिकों की कमी को दूर करने के लिए भारत से मजदूरों की भर्ती को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। वर्ष 2024 में भारत और ताइवान के बीच श्रम गतिशीलता समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए थे।
इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, जहां बड़ी संख्या में लोग चुनावी अभियानों में नस्लीय भेदभाव पर रोक लगाने और इस मामले की निंदा की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल यह विवाद तेजी से ऑनलाइन चर्चा का विषय बना हुआ है और विभिन्न पक्ष इसे राजनीतिक एवं सामाजिक बहस से जोड़कर देख रहे हैं।






.jpg)





