ठाणे (महाराष्ट्र), 20 मई ।
ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने बुधवार को टी-20 मुंबई लीग 2026 के लिए अपनी आधिकारिक टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर एक बार फिर टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे।
टीम संयोजन में अनुभव और युवा प्रतिभा का संतुलित मिश्रण शामिल किया गया है। पिछली सीजन में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां उसे आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार टीम खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
टीम के मालिक विक्की रूपचंदानी ने कहा कि इस सीजन के लिए तैयार टीम से वे पूरी तरह संतुष्ट हैं। उनके अनुसार, टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो बड़े मंच पर खुद को साबित करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद इस बार लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है और खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
टी-20 मुंबई लीग का आयोजन 1 जून से 13 जून तक किया जाएगा। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स अपना पहला मुकाबला 1 जून को बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ खेलेगी। पुरुष वर्ग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से शीर्ष चार टीमें 11 जून को होने वाले सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की घोषित टीम में आदित्य विनोद गिरी, अमर्त्य राजे, अनुज विनोद गिरी, अथर्व अंकोलेकर, अयान मोहित जैन, एकनाथ दिनेश केरकर, कार्तिक मिथिलेश मिश्रा, मनन भाट, ओंकार तुकाराम तरमले, रोहन राजेंद्र घाग, साईराज पाटिल, शार्दुल ठाकुर, शशिकांत एकनाथ कदम, शाश्वत योगेश जगताप, शॉन मोतीराम रोड्रिग्स, शिवांश लल्लन सिंह, सिद्धांत मनोज सिंह, सुमेर सम्राट जावेरी, विनय सुरेश कुंवर और धनय पारेख शामिल हैं।






.jpg)







