प्रयागराज, 19 मई।
प्रयागराज जिले के सराय इनायत थाना क्षेत्र में मंगलवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे रेल मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर के अनुसार मृतक की पहचान बिहार के दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र अंतर्गत मऊबेहात गांव निवासी 27 वर्षीय सुशील शर्मा, पुत्र जितेंद्र शर्मा के रूप में हुई है।
उसकी पहचान साथ यात्रा कर रहे उसके भाई मनीष शर्मा ने की, जिसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
बताया गया कि दोनों भाई घर से दिल्ली जाने के लिए स्वतंत्रता सेनानी ट्रेन में सवार हुए थे और यात्रा के दौरान यह हादसा हो गया।
मंगलवार सुबह जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ रही थी, उसी दौरान सुशील शर्मा ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचा दिया।
घटना के बाद भाई मनीष ट्रेन से झूंसी रेलवे स्टेशन पर उतरे और स्टेशन मास्टर से संपर्क कर एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद वह मौके की तलाश में पहुंचे।
काफी खोजबीन के बाद जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि उनका भाई मृत अवस्था में पड़ा हुआ है, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






.jpg)







