प्रशासनिक खबरें
20 May, 2026

ट्विशा केस में सरकार सख्त, सीबीआई जांच और बेल खारिज करने की तैयारी

ट्विशा शर्मा मौत मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिजनों को सीबीआई जांच और बेल खारिज करने के लिए कानूनी पहल का भरोसा दिया है, वहीं पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग ने जांच तेज कर दी है।

भोपाल, 20 मई ।

भोपाल में मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्विशा के परिजनों से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले में अदालत में बेल रिजेक्शन आवेदन लगाएगी और केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने के लिए पत्र भी भेजेगी।

बुधवार को ट्विशा शर्मा के परिजन मंत्रालय पहुंचकर मुख्यमंत्री से मिले। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार हरसंभव मदद करेगी। परिजनों की ओर से दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भोपाल अदालत में आवेदन भी दिया गया है, जिस पर सुनवाई जारी है। अदालत से अनुमति मिलने पर शव का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली स्थित एम्स में कराया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा से कहा कि जरूरत पड़ने पर सरकार पार्थिव शरीर को दिल्ली तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी।

उधर, पुलिस ने फरार पति समर्थ के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के अनुसार विशेष जांच दल पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है और गले पर मिले निशान बेल्ट से फांसी लगाने के बताए जा रहे हैं।

ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को भोपाल में सेवानिवृत्त सैनिकों ने बाइक रैली निकाली। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक लाल परेड ग्राउंड पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने स्पेशल डीजी अनिल कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र भेजकर सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। साथ ही एफआईआर में दर्ज धाराओं, आरोपी की गिरफ्तारी, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और फॉरेंसिक जांच पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी तलब की गई है। आयोग ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने भी इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग उठाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई है।

गौरतलब है कि 11 मई को ट्विशा शर्मा का शव घर में फंदे पर लटका मिला था। अगले दिन एम्स भोपाल में पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में पुलिस ने ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह तथा पति समर्थ के खिलाफ मामला दर्ज किया। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ट्विशा मानसिक रूप से परेशान रहती थी और ससुराल का माहौल उसके लिए अनुकूल नहीं था।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़