किशनगंज, 15 मई।
ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र के सालगुड़ी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सड़क से हटाकर पौआखाली सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए किशनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान रकीब आलम और असगर आलम के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और सालगुड़ी के समीप अचानक आमने-सामने भिड़ गईं, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही और स्थानीय लोगों ने बढ़ती तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि मुख्य सड़कों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद यातायात नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है।















