भुवनेश्वर, 19 मई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। यह अवसर पूर्वी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन में भाग लेने के लिए ओडिशा आगमन का था।
महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन के बाद शिवराज सिंह चौहान ने आशीर्वाद की कामना करते हुए कहा कि महाप्रभु की कृपा सभी पर बनी रहे, हर घर-आंगन समृद्धि और खुशहाली से भरा रहे तथा जीवन में सुख, समृद्धि और आनंद बना रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी लोगों के कल्याण, स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना की और विश्व में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने की भी कामना की।
उन्होंने बताया कि इस क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन में ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा, किसानों की आय, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कृषि विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा, सम्मेलन में दालों और तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने तथा एकीकृत कृषि प्रणाली के माध्यम से छोटे किसानों की खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने किसानों और कृषि क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






.jpg)







