सिलीगुड़ी , 20 मई ।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पहले उत्तर बंगाल दौरे के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए सभी वादों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करेगी और विकास कार्यों में उत्तर बंगाल को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
सिलीगुड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और आने वाले महीनों में जनता को योजनाओं का अधिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीने, छह महीने और एक वर्ष के भीतर सभी प्रमुख वादों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर बंगाल ने पिछले कई चुनावों में सरकार को लगातार समर्थन दिया है, इसलिए यह क्षेत्र विकास योजनाओं की प्राथमिकता में रहेगा और यहां तेजी से कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने घोषणा की कि वह जुलाई में फिर से उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे और इस दौरान कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों से सुझाव लेकर उन्हें नीति निर्माण में शामिल किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि वे अपने सुझाव जिला स्तर के माध्यम से भेजें ताकि उन्हें सीधे सरकार तक पहुंचाया जा सके और उन पर त्वरित कार्रवाई हो सके।
अपने संबोधन में उन्होंने व्यवस्था परिवर्तन की बात करते हुए कहा कि सरकार में कटमनी, सिंडिकेट राज और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं के लिए कोई स्थान नहीं होगा।
उन्होंने पूर्व सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले समाज को विभाजित करने की कोशिश की गई, लेकिन नई सरकार सभी वर्गों के हित में समान रूप से कार्य करेगी और राज्य में वास्तविक विकास सुनिश्चित किया जाएगा।





.jpg)







