देहरादून, 23 मई ।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे सरकार और संगठन के समन्वय से लेकर बूथ स्तर तक चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। दौरे में युवा संवाद, बूथ सशक्तिकरण और संगठनात्मक रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को देहरादून पहुंचने के बाद पार्टी मुख्यालय में मंत्री समूह और कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेंगे। बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। इन बैठकों में जनसंपर्क अभियान, सरकार और संगठन के समन्वय तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन किया जाएगा। इसी दिन प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, मेयरों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी विस्तृत बैठक प्रस्तावित है।
30 मई को बूथ स्तर की बैठक, युवा संवाद कार्यक्रम और प्रबुद्ध गोष्ठी आयोजित की जाएगी। देहरादून के शिवालिक कॉलेज में प्रस्तावित प्रबुद्ध गोष्ठी में शिक्षाविदों, सामाजिक प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग के बीच अपनी वैचारिक एवं संगठनात्मक पहुंच को मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी।
दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। प्रदेश भाजपा महामंत्री कुंदर परिहार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन स्तर पर बैठकों व कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता का संचार करेगा।












