उज्जैन, 19 मार्च।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में विक्रम उत्सव-2026 के अंतर्गत गुरुवार को शिप्रा तट एक बार फिर भव्य आयोजन का साक्षी बनेगा। सृष्टि आरंभ दिवस और उज्जयिनी गौरव दिवस के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में नृत्य-नाट्य, संगीत, ड्रोन शो और आतिशबाजी के माध्यम से परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
शोध पीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रम उत्सव 2026 के तहत आज सायं 7 बजे शिप्रा तट पर “सृष्टि आरंभ दिवस–उज्जयिनी गौरव दिवस” का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जो उत्सव के प्रथम चरण का मुख्य आकर्षण होगा। भक्ति, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के समन्वय से सजे इस आयोजन में “महादेव नदी कथा” की नृत्य-नाट्य प्रस्तुति, प्रसिद्ध पार्श्वगायक विशाल मिश्रा की संगीतमय प्रस्तुति, ड्रोन शो, आतिशबाजी, सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण और महत्वपूर्ण प्रकाशनों का लोकार्पण शामिल रहेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल और नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव की विशेष उपस्थिति रहेगी।
तिवारी ने बताया कि इस वर्ष उत्सव को दो प्रमुख चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में 12 फरवरी से 19 मार्च तक विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक और शोधपरक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें व्याख्यानमालाएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित कार्यक्रम संपन्न हुए। साथ ही विक्रम व्यापार मेला और वन मेला के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय उत्पादों और नवाचारों को प्रोत्साहन मिला। विक्रम उत्सव 2026 के अंतर्गत प्रथम चरण का मुख्य आयोजन आज सायं 7 बजे शिप्रा तट पर “सृष्टि आरंभ दिवस–उज्जयिनी गौरव दिवस” के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
वहीं, द्वितीय चरण की शुरुआत आज से “जल गंगा संवर्धन अभियान” के रूप में होगी। इसके तहत जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और नदी पुनर्जीवन से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अभियान में विशेष रूप से किसान कल्याण पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे, जिनमें जल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, संसाधन संरक्षण और ग्रामीण विकास से संबंधित पहलें शामिल रहेंगी।
तिवारी के अनुसार विक्रम उत्सव का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को भी समान महत्व देता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी कर उज्जैन की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाएं।
शिप्रा तट पर पार्श्व गायक विशाल मिश्रा की प्रस्तुति आज
विक्रम उत्सव 2026 के अंतर्गत आज सायं 7 बजे शिप्रा तट पर आयोजित कार्यक्रम में कला, संस्कृति और अध्यात्म का समन्वित रूप प्रस्तुत किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए यादगार अनुभव बनेगा। कार्यक्रम की शुरुआत “महादेव नदी कथा” की भव्य नृत्य-नाट्य प्रस्तुति से होगी, जिसमें शिप्रा नदी और भगवान शिव की महिमा का सजीव चित्रण किया जाएगा। इसके बाद प्रसिद्ध पार्श्वगायक विशाल मिश्रा और उनकी टीम संगीतमय प्रस्तुति देंगे। आयोजन में आकर्षण के रूप में भव्य आतिशबाजी और ड्रोन शो भी शामिल किया गया है। साथ ही प्रतिभाओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अलावा विक्रम पंचांग 2083, भारत निधि (मोनोग्राफ), आर्ष भारत, 84 महादेव और विक्रमांक (पत्रिका) जैसे महत्वपूर्ण प्रकाशनों का लोकार्पण भी किया जाएगा।












