भोपाल, 19 मार्च।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित आयुष परिसर के शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय चिकित्सालय के होम्योपैथी वेलनेस सेंटर को गुरुवार को देहरादून में आयोजित समारोह में उत्तराखंड सरकार के राज्य सशक्तिकरण एवं परिवर्तन संस्थान (सेतु) आयोग द्वारा ‘आयुष और एकीकृत चिकित्सा नवाचार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके मिश्रा ने बताया कि यह सम्मान देशभर में नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल का यह वेलनेस सेंटर देश का एकमात्र शासकीय होम्योपैथी संस्थान है, जिसे आयुष एवं इंटीग्रेटिव मेडिसिन श्रेणी में यह पुरस्कार दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह केंद्र केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक अनुसंधान परिषद, भारत सरकार के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2016 से संचालित इस वेलनेस सेंटर को आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार के प्रयासों से वर्ष 2024 में नए भवन में स्थापित किया गया।
प्राचार्य डॉ. मिश्रा के अनुसार केंद्र में होम्योपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा और योग के माध्यम से रोगियों तथा स्वस्थ व्यक्तियों को उपचार एवं परामर्श सेवाएं दी जाती हैं। देश में इस प्रकार का यह अनूठा केंद्र है, जहां अब तक सवा लाख से अधिक लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यहां प्रदेश और आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई है, जिससे विभिन्न बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो सका है।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र में हड्डी एवं जोड़ों की समस्याएं, लकवा, मोटापा, हाइपोथायरायडिज्म, डायबिटीज और हाइपरटेंशन जैसे जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के उपचार में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि भारत सरकार की विभिन्न अनुसंधान परिषदों द्वारा यहां व्यापक शोध कार्य भी किए जा रहे हैं। वर्तमान में पक्षाघात और थायराइड रोग से ग्रसित मरीजों की संख्या अधिक है, जिन्हें यहां उपचार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में राज्य नीति आयोग के नाम से जाना जाने वाला उत्तराखंड का सेतु आयोग देश में नवाचारों को प्रोत्साहित करने वाला प्रमुख संस्थान बनकर उभरा है।
केंद्र की नोडल अधिकारी डॉ. जूही गुप्ता ने बताया कि यह केंद्र होम्योपैथी और प्राकृतिक चिकित्सा का अनूठा संगम है। केंद्र से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0755-2992970 पर संपर्क किया जा सकता है।












