जलपाईगुड़ी, 27 मार्च।
जिले के क्रांति इलाके के चिकनमाटी में शुक्रवार सुबह जंगल से निकला तेंदुआ गांव में घुस गया और लोगों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कुल छह लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि प्रियसी राय अपने घर के आंगन में झाड़ू लगा रही थीं, तभी पीछे से तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुन पड़ोसी मदद को दौड़े, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला किया। घटना में प्रियसी राय और अमूल्य राय की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मालबाजार सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को पकड़ने के प्रयास के दौरान एक वनकर्मी भी घायल हो गया। फिलहाल तेंदुआ स्थानीय निवासी विधान राय के घर के पास झाड़ी में छिपा हुआ है और वन विभाग ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
स्थिति गंभीर होने के कारण मालबाजार वाइल्डलाइफ स्क्वाड को बुलाया गया है, ताकि तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित काबू में किया जा सके। वन विभाग ने ग्रामीणों को घरों से बाहर न निकलने की कड़ी चेतावनी दी है। घटना के बाद पूरे चिकनमाटी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।












