सिलीगुड़ी, 27 मार्च।
सिलीगुड़ी के फांसीदेवा क्षेत्र में स्थित गयागंगा चाय बागान में शुक्रवार सुबह पत्ता तोड़ते समय एक तेंदुए के हमले में चाय श्रमिक रंजीत नागेशिया घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लगभग 20 श्रमिक काम कर रहे थे, तभी नाले में छिपा तेंदुआ अचानक रंजीत पर टूट पड़ा। उनके हाथ, सीना और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया। रंजीत को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। श्रमिकों ने इलाके में तेंदुए के लिए पिंजरा लगाने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।











