हजारीबाग, 28 मार्च।
जिले के कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव में शुक्रवार रात रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक रूप ले गया। इसी दौरान गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव (40) पर भुजाली से हमला हुआ। गंभीर रूप से घायल रामा साव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पेलावल थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्दी ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।












