शिमला, 26 मार्च।
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल दी है। लाहौल-स्पीति जिले के गोंदला इलाके में बीती रात लगभग 1 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। किन्नौर और कुल्लू जिलों की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ जमी है। मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आज और कल हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि 28 और 29 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम और अधिक खराब रहने की संभावना है।
राज्य के कई हिस्सों में आज मिला-जुला मौसम देखा जा रहा है। कुछ क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं तो कई जगह धूप भी खिली है। मौसम विभाग ने कहा कि ऊंचे इलाकों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो रही है और ठंड का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले तथा मध्य क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इन दिनों के लिए कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 28 मार्च को आंधी की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे और 29 मार्च को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
30 और 31 मार्च तथा 1 अप्रैल को भी प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है, हालांकि इन दिनों के लिए किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मार्च का महीना समाप्त होने के करीब है, लेकिन प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में लोग अभी भी गर्म कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं और मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर पूरी तरह से शुरू नहीं हुआ है।
जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है। शिमला में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, मनाली में 9.5 डिग्री, धर्मशाला में 6.8 डिग्री, ऊना में 14.6 डिग्री, नाहन में 13.1 डिग्री और सोलन में 11.6 डिग्री दर्ज किया गया।
कांगड़ा में 17.1 डिग्री, मंडी में 15.5 डिग्री, बिलासपुर में 16.0 डिग्री, कसौली में 13.0 डिग्री, कुफरी में 7.5 डिग्री, कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री और ताबो में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।












