औरैया, 19 मार्च।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान केशमपुर के मजरा नुन्हा गांव निवासी नितिन राजपूत के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नितिन राजपूत बुधवार देर शाम फफूंद में अपने एक मित्र के घर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान केशमपुर स्थित पाड़ी बाबा मंदिर के सामने सड़क के बीच खड़ी खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली का बैरिंग खराब हो जाने के कारण उसे सड़क पर ही खड़ा कर दिया गया था। चालक ट्रॉली को वहीं छोड़कर चला गया था। ट्रॉली में आलू लदे थे और वह इटावा की ओर जा रही थी। अंधेरा होने के चलते नितिन को सड़क के बीच खड़ी ट्रॉली दिखाई नहीं दी, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फफूंद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
मृतक की पत्नी मंजू राजपूत ने बताया कि नितिन देर शाम कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और देर रात लौटते समय यह दुर्घटना हो गई। नितिन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।












