भोपाल, 23 मार्च।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 61 UPSC परीक्षा चयनित विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित करेंगे। ये युवा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने में सफल हुए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार, भोपाल में आयोजित ‘सफलता के मंत्र’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रतिभाओं का परचम पुस्तिका और डिजिटल संस्करण का विमोचन करेंगे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार और अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन भी उपस्थित रहेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों की सफलता केवल प्रतिभा पर आधारित नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अटूट संकल्प और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। इनमें कई विद्यार्थी साधारण परिवारों से हैं, जिनमें किसान, दुकानदार या आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के परिवार शामिल हैं।
प्रदेश की बेटियों ने भी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इंदौर की अनन्या शर्मा को देश में 13वीं रैंक, खंडवा की रूपल जायसवाल 43वीं, दीक्षा चौरसिया 44वीं और रीवा की समीक्षा द्विवेदी 56वीं रैंक मिली। इसके अलावा अंकुश पाटीदार, प्राची चौहान और मोहसिना बानो जैसी युवा प्रतिभाओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफलता हासिल की।
कुल 61 चयनित विद्यार्थियों में से 15 अभ्यर्थी शासकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर UPSC में चयनित हुए हैं। इनकी कहानियां यह संदेश देती हैं कि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत लगातार हो और आत्मविश्वास अडिग हो, तो सफलता निश्चित है। मध्य प्रदेश के ये युवा न केवल प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी बने हैं।












