भोपाल, 25 मार्च।
मध्य प्रदेश में राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम आज बुधवार को घोषित किया जाएगा। विद्यार्थी सुबह 11:30 बजे से अपना परिणाम www.rskmp.in/result.aspx पोर्टल पर देख सकेंगे।
राज्य शिक्षा केन्द्र के अनुसार, परिणाम घोषणा की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से केन्द्र कार्यालय के सभाकक्ष में शुरू होगी। इसके बाद 11:30 बजे परीक्षा परिणाम पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक रोल नंबर/समग्र आईडी डालकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसी पोर्टल पर शिक्षक और संस्था प्रमुख अपनी शाला के विद्यार्थीवार परिणाम भी देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए क्यूआर कोड लिंक भी उपलब्ध कराई गई है।
प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी। इनमें राज्य की शासकीय, अशासकीय शालाओं और पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 12,76,000 से अधिक और कक्षा 8वीं के 10,92,000 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। लगभग 23,68,000 विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 322 मूल्यांकन केन्द्र बनाए गए, जहां 1,10,000 से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि की।











