भोपाल, 11 मार्च।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर आज बुधवार को महिलाओं से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जनसुनवाई आयोजित करेंगी।
जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष दोपहर 1.30 बजे भोपाल स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक चौराहा में महिलाओं से संबंधित विभिन्न शिकायतों और मुद्दों को सीधे सुनेंगी।
इस जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इससे संबंधित मामलों के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में पहल की जाएगी।












