हरिद्वार, 24 मार्च।
आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण अभियान और तेज कर दिया है। इस अभियान में विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का नियमित मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि मेले में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सकें।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देशानुसार उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने मंगलवार को भूपतवाला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेला में श्रद्धालुओं को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जल संस्थान द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पावनधाम के सामने निर्माणाधीन ट्यूबवेल, श्यामीलोक कॉलोनी और प्राथमिक विद्यालय के पास ट्यूबवेल बोरिंग कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
उप मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला जैसे विशाल आयोजन में पेयजल आपूर्ति बेहद महत्वपूर्ण है। सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। कार्यदायी संस्थाओं को नियमित निगरानी रखने, तकनीकी मानकों का पालन करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मेला कार्यालय की तकनीकी शाखा के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, जल संस्थान के सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने उप मेलाधिकारी को कार्यों की प्रगति से अवगत कराया और आश्वासन दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी हो जाएंगी।












