वाराणसी, 21 मार्च।
वाराणसी के मदनपुरा क्षेत्र में 14 मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी के बाद माहौल चर्चा में बना हुआ है। जानकारी के अनुसार इन युवकों ने गंगा नदी में नाव पर चिकन बिरयानी के साथ इफ्तार किया था, जिसके बाद उन पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई। ईद के मौके पर जब बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए मस्जिदों में पहुंचे, तब इस घटना को लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
मदनपुरा स्थित इस्ना अशरी मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद शिया समुदाय के लोगों ने कहा कि गंगा में अन्य पर्यटक नावों पर कई गतिविधियां करते हैं, लेकिन उन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उनका कहना था कि युवकों ने अनजाने में नाव पर इफ्तार किया और उसका वीडियो बना लिया, जिससे मामला बढ़ गया। उनका मानना है कि यदि यही आयोजन किसी अन्य स्थान पर होता तो शायद यह स्थिति नहीं बनती।
इसी तरह सागरा बाग क्षेत्र की मस्जिद में नमाज के बाद कुछ युवाओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था कि केवल भोजन करने और वीडियो बनाने के कारण इतनी कड़ी कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दालमंडी क्षेत्र में भी प्रशासनिक कदमों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जिससे असंतोष और बढ़ा है।












