कोलकाता, 28 मार्च
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले जारी दूसरी अतिरिक्त मतदाता सूची से तृणमूल कांग्रेस को आंशिक राहत मिली है। श्यामपुकुर से पार्टी की उम्मीदवार शशि पांजा और हासन के उम्मीदवार काजल शेख का नाम इस सूची में शामिल होने के बाद अब उनका नामांकन बिना किसी बाधा के दाखिल किया जा सकेगा।
इससे पहले दोनों नेताओं के नाम जांच के अधीन थे, जिससे उनकी उम्मीदवारी पर अनिश्चितता बनी हुई थी। हालांकि उत्तरपाड़ा से उम्मीदवार शीर्षण्य बंद्योपाध्याय का नाम अभी भी सूची में शामिल नहीं हुआ है, जिससे उनकी उम्मीदवारी पर संशय बना हुआ है। वे श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी के पुत्र हैं।
चुनाव आयोग ने 23 मार्च को मतदान से ठीक एक महीने पहले पहली अतिरिक्त मतदाता सूची जारी की थी। उस समय सूची आधी रात से कुछ पहले प्रकाशित हुई थी, जबकि दूसरी अतिरिक्त सूची शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर जारी की गई।
आयोग के अनुसार, दूसरी अतिरिक्त सूची जारी होने तक कुल 37 लाख मतदाताओं के नामों पर निर्णय लिया जा चुका है, जबकि लगभग 23 लाख नामों पर अभी फैसला शेष है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ कि जांच के अधीन कितने नाम जोड़े गए और कितनों को हटाया गया।
पहली सूची जारी होने के बाद आयोग ने कहा था कि अगले दिन सुबह हर मतदान केंद्र पर सूची चिपकाई जाएगी, ताकि मतदाता अपनी स्थिति जान सकें। लेकिन कई जगह भ्रम और अव्यवस्था देखी गई। इंटरनेट के माध्यम से सूची देखने वाले कई मतदाता आयोग की वेबसाइट की खराब कार्यप्रणाली के कारण जानकारी प्राप्त नहीं कर पाए। शुक्रवार को जारी दूसरी अतिरिक्त सूची को लेकर भी ऐसी ही अस्पष्टता बनी रही।












