देहरादून, 20 मार्च।
प्रदेश में गुरुवार से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और मैदानी जिलों में लगातार वर्षा के चलते ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आज भी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार इन जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में 25 मार्च तक मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों में भी बारिश, आंधी और ठंड का प्रभाव जारी रहने की संभावना है।












