रांची, 28 मार्च।
झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देवी मंडप रोड पर स्थित सुजीत कुमार गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर लगभग 16 लाख रुपये के जेवरात और नकदी ले गए।
जानकारी के अनुसार, घर के सदस्य शुक्रवार दोपहर गुमला गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के समय सुनसान घर में घुसकर चोरी को अंजाम दिया।
घटना की सूचना सुजीत कुमार गुप्ता को उनके पड़ोसियों ने दी। जब वे घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अलमारी में रखे सभी कीमती जेवरात और नकदी गायब हैं।
पंडरा ओपी प्रभारी फैज रवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में चोरी की पुष्टि हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।












