फर्रुखाबाद, 19 मार्च।
उत्तर प्रदेश के कानपुर क्षेत्र में कायमगंज कोतवाली पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की कोशिश कर रहे एक लुटेरे को पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान लुटेरे की गोली से एक दीवान घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लुटेरा भी जख्मी हुआ। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार लूट के मामले में कासगंज जनपद के पटियाली निवासी कुलदीप को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। पुलिस टीम उसे लूटे गए कुंडलों की बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान कुलदीप ने पहले से छिपाकर रखा 315 बोर का तमंचा निकाल लिया। एएसपी ने बताया कि भागने के इरादे से उसने दीवान धर्मेंद्र तिवारी पर जानलेवा नीयत से दो फायर किए, जिससे उनके हाथ में गोली लग गई और वह घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुलदीप के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटे गए कुंडल बरामद कर लिए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गौरतलब है कि कुलदीप कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के मिलक इलाही अल्लौयापुर गांव निवासी सजीवन सिंह का पुत्र है। अमृतपुर थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी राम राजपूत 14 मार्च को अपनी बहन मंजू को बाइक से एटा जिले के लहटोरा गांव ले जा रहे थे। दोपहर के समय ढमढ़ेरा और बिराहिमपुर गांव के बीच पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने चलती बाइक पर मंजू के कानों से झपट्टा मारकर कुंडल छीन लिए थे।
लुटेरों के फरार होने पर मंजू के शोर मचाने पर पीछे आ रही बोलेरो के चालक ने उनका पीछा किया। पीछा किए जाने से घबराकर बाइक सवार लुटेरे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गए, जहां एक आरोपी सनी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस संबंध में राम ने दोनों लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।












