केप टाउन, 14 सितंबर।
दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना लीउ-गामका और प्रिंस अल्बर्ट के बीच राजमार्ग पर हुई, जहां दो मिनीबस टैक्सी और एक एसयूवी आपस में टकरा गईं।
रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉरपोरेशन के अनुसार, हादसे में 21 लोगों को जानलेवा चोटें आईं। स्थानीय जानकारी के मुताबिक दुर्घटना रात करीब 9:30 बजे हुई, जिसके बाद संबंधित राजमार्ग को बंद करना पड़ा।
घटना के बाद पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल कई अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटनास्थल केप टाउन से करीब 380 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। दक्षिण अफ्रीका में सड़कों का नेटवर्क विकसित होने के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है।
तेज रफ्तार, वाहन चलाने में लापरवाही, खराब हालत के वाहन और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना यहां होने वाले हादसों के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार, 2025 में दक्षिण अफ्रीका में सड़क दुर्घटनाओं में 11,485 लोगों की मौत हुई थी। यह संख्या 2024 के मुकाबले पांच प्रतिशत से भी कम कम रही थी। मृतकों में सबसे बड़ी संख्या पैदल यात्रियों की थी।













