गुवाहाटी, 08 सितंबर।
देश के प्रतिष्ठित नामीरी टाइगर रिजर्व को वन्यजीव संरक्षण और उत्कृष्ट वन प्रबंधन के क्षेत्र में एक बड़ी वैश्विक उपलब्धि हासिल हुई है। कंजर्वेशन एश्योर्ड टाइगर स्टैंडर्ड्स (कैट्स) फ्रेमवर्क के सभी कड़े मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद इस अभ्यारण्य को प्रतिष्ठित 'कैट्स अप्रूव्ड' का दर्जा प्रदान कर दिया गया है। पार्क के फील्ड डायरेक्टर के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी समिति द्वारा आवश्यक मूल्यांकन और औपचारिक स्वीकृति मिलने के बाद 10 सितंबर को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुहर लगा दी गई। कट्स एक ऐसा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त ढांचा है, जो बाघ संरक्षण क्षेत्रों में वन्यजीव सुरक्षा, प्राकृतिक आवास के रखरखाव, निगरानी, प्रशासनिक प्रणाली और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण पैमानों की गहन जांच करता है। नामीरी को यह मान्यता मिलने के साथ ही अब असम के सभी चारों प्रमुख टाइगर रिजर्व— काजीरंगा, मानस, ओरंग और नामीरी— 'कैट्स अप्रूव्ड' का गौरव प्राप्त कर चुके हैं। सोनितपुर जिले के उत्तरी हिस्से में फैला नामीरी नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व कुल 464 वर्ग किलोमीटर के विस्तृत क्षेत्र में स्थित है, जिसमें लगभग 200 वर्ग किलोमीटर का कोर जोन शामिल है।














