नगांव, 08 अक्टूबर।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को दावा किया कि नगांव लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस तीसरे स्थान पर रहेगी। उन्होंने यह दावा मतगणना से एक दिन पहले किया। नगांव सीट पर छह अक्टूबर को मतदान हुआ था और मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगांव में भाजपा की जीत पार्टी के लिए बोनस जैसी होगी। उन्होंने चुनाव परिणाम को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें नतीजे को लेकर पूरा विश्वास है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने नगांव के दीघली चापरी में उत्तर पूर्वी क्षेत्र के पहले सिरेमिक टाइल्स उद्योग का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई दीघली चापरी को आने वाले समय में औद्योगिक हब के तौर पर विकसित किया जाएगा।
त्यागवीर हेम बरुवा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के सपनों और अवसरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के सपने देखने की क्षमता पर उसका वातावरण असर डालता है। इस दौरान उन्होंने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में प्रशिक्षण लेने तमिलनाडु गईं असम की युवतियों की प्रेरणादायक यात्रा साझा की और कहा कि बेहतर अवसर तथा अनुकूल वातावरण युवाओं को अपने सपनों की ओर आगे बढ़ने में मदद करते हैं।














