नई दिल्ली, 09 अक्टूबर।
भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपनी तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा के दूसरे चरण के दौरान कोट डी आइवर के राष्ट्रपति अलासाने ओत्तारा से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण द्विपक्षीय भेंट के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं साझा करते हुए यह रेखांकित किया कि दोनों देशों का आपसी संबंधसद्भाव, सम्मान और साझा समृद्धि के संकल्प पर आधारित है। राजधानी आबिदजान में हुए इस दौरे में भारत और कोट डी आइवर ने आपसी कूटनीतिक रिश्तों को नई दिशा देते हुए व्यापार, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और अधिक व्यापक बनाने पर अपनी सहमति व्यक्त की।
अपनी इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री ने कोट डी आइवर के रक्षा मंत्री और उप-प्रधानमंत्री तेने बिराहिमा ओत्तारा के साथ भी एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें आतंकवाद विरोधी अभियानों और रक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने पर विशेष मंथन किया गया। दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास, तकनीकी क्षमता निर्माण और संस्थागत प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए रणनीतिक संबंधों को गहराई देने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, विदेश मंत्री ने भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के पूर्व छात्रों से भी संवाद किया और कोट डी आइवर में रह रहे प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर भारत तथा अफ्रीका के बीच ऐतिहासिक एवं जन-केंद्रित साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया।














