मुंबई, 09 अक्टूबर।
मुंबई की प्रसिद्ध गिरगांव चौपाटी पर इस वर्ष आदर्श रामलीला महोत्सव 2026 का आयोजन अत्यंत भव्य और आधुनिक रंगमंचीय प्रस्तुति के साथ किया जाएगा। आगामी 11 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित महोत्सव में जाने-माने लेखक-निर्देशक योगेश वी. पगारे और प्रसिद्ध संगीत निर्देशक मोंटी शर्मा अपनी महत्वपूर्ण भूमिकाओं के जरिए इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को एक नया आयाम देंगे। वर्ष 1964 से चली आ रही इस पारंपरिक रामलीला को इस बार अत्याधुनिक तकनीक, शानदार मंच सज्जा और मंत्रमुग्ध कर देने वाले संगीत के साथ पुनर्जीवित किया जाएगा, जिसका निर्माण डिविनिटी प्रोडक्शंस द्वारा श्री आदर्श रामलीला महोत्सव समिति के बैनर तले किया जा रहा है।
महोत्सव के इस भव्य स्वरूप की आधिकारिक जानकारी देने के लिए आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्देशक योगेश वी. पगारे और संगीत निर्देशक मोंटी शर्मा के साथ-साथ समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, सचिव कनबिहारी अग्रवाल और कोषाध्यक्ष वैभव गुप्ता भी उपस्थित रहे, जहां कलाकारों द्वारा रामलीला के एक विशेष प्रसंग की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई। इस आयोजन के मुख्य आकर्षणों में लगभग 1,500 दर्शकों की क्षमता वाला जर्मन-हैंगर ऑडिटोरियम, 64 फीट का विशाल एचडी एलईडी मंच, अत्याधुनिक लाइट व साउंड सिस्टम, भव्य सेट और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं, जिसमें 50 से अधिक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा, महोत्सव के दौरान सरयू आरती, महाआरती, 3डी व वीआर राम दर्शन, रामायण विजडम गैलरी और भजन जामिंग जैसे अनूठे आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य छह दशक पुरानी इस सांस्कृतिक थाती को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।














