सोपोर, 9 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर के सोपोर स्थित सेमपोरा इलाके में गुरुवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में सेब का भंडारण शेड पूरी तरह जल गया। भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच हुई इस घटना में ताजा तोड़े गए सेब और पैकिंग के डिब्बे नष्ट हो गए। आग की चपेट में आने से किसान के घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आग देर शाम एक गोदाम में लगी थी, जहां सेब और पैकेजिंग का सामान रखा हुआ था। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने तथा उसे आसपास फैलने से रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक भंडारण इकाई पूरी तरह जल चुकी थी। यह गोदाम फल उत्पादक मंजूर अहमद का था।
घटना से प्रभावित किसान मंजूर अहमद ने बताया कि आग में उनकी सालभर की मेहनत बर्बाद हो गई। उन्होंने कहा कि नुकसान बहुत बड़ा है और घटना के बाद से वह रातभर सो नहीं पाए हैं। उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद की अपील की है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कृषि मंत्री जावेद अहमद डार और सोपोर के विधायक इरशाद रसूल कर से मामले में हस्तक्षेप करने तथा प्रभावित किसान को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।













