सुपौल, 9 अक्टूबर।
जिले में विकास योजनाओं को गति देने और अधूरे कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए शुक्रवार को समीक्षा बैठक हुई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी सावन कुमार ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा का पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, पंचायत सरकार भवन निर्माण और विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने तय लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में बेवजह देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी लंबित कार्यों को समय पर पूरा करें। योजनाओं की नियमित निगरानी के साथ विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर काम में तेजी लाने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत घरों के निर्माण, स्वच्छता अभियान, पंचायत सरकार भवनों और पेंशन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को समय पर मिले।
बैठक में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकास कुमार, लेखा प्रशासन के निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यक्रम पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।














