जिबूती, 12 अक्टूबर।
पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती के तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव समुद्र में पलट गई। इस हादसे में 15 बच्चों सहित 139 लोगों की मौत हो गई, जबकि 84 लोग अब भी लापता हैं। नाव में 305 प्रवासी सवार थे और यह गुरुवार रात ओबॉक के उत्तर में गुहेरे के पास तट से कुछ दूरी पर डूब गई। स्थानीय प्रशासन ने जिन शवों को दफनाया है, आधिकारिक मृतक संख्या में उन्हीं को शामिल किया गया है। हालांकि, कुछ शवों को प्रवासियों ने स्वयं दफना दिया था। लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।हादसे में 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सभी जीवित बचे लोग इथियोपिया के नागरिक हैं।
उन्हें ओबॉक स्थित अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के बचाव केंद्र में पहुंचाया गया है, जहां उन्हें चिकित्सा सुविधाओं के साथ मनोवैज्ञानिक सहायता भी दी जा रही है। यह नाव जिबूती से यमन की ओर बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य पार कर रही थी। अफ्रीका के हॉर्न क्षेत्र से खाड़ी देशों में रोजगार और सुरक्षित जीवन की तलाश में जाने वाले हजारों लोग इस जोखिम भरे समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के लापता प्रवासियों से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल इस मार्ग पर 900 से अधिक प्रवासियों की मौत हुई या वे लापता हो गए थे।













